IPL में नहीं बिके क्रिकेटर्स ने CPL 2021 में मचाया धमाल, टॉप पर पहुंची शाहरुख खान की टीम
कैरेबियन प्रीमियर लीग (Caribbean Premier League) 2021 के 23वें मैच में ट्रिनबागो नाइटराइडर्स ने बारबाडोस रॉयल्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ट्रिनबागो नाइटराइडर्स (Trinbago Knight Riders) सीपीएल 2021 (CPL 2021) की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।
ट्रिनबागो नाइटराइडर्स के 8 मैच में 5 जीत के साथ 10 अंक हैं। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स (St Kitts and Nevis Patriots) के भी 8 मैच में 5 जीत के साथ 10 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट के आधार पर ट्रिनबागो नाइटराइडर्स शीर्ष पर है। ट्रिनबागो नाइटराइडर्स का मालिकाना हक बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के पास है।
खैरी पियरे प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। कॉलिन मुनरो ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 47 गेंद में नाबाद 41 रन बनाए।
इस मैच में ट्रिनबागो नाइटराइडर्स के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और बारबाडोस रॉयल्स (Barbados Royals) 20 ओवर में 9 विकेट पर 93 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिनबागो नाइटराइडर्स ने 16.5 ओवर में 4 विकेट पर 99 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
कप्तान जेसन होल्डर, विकेटकीपर समित पटेल, नीयम यंग और मोहम्मद आमिर खाता नहीं खोल पाए। ट्रिनबागो नाइटराइडर्स की ओर से पियरे के अलावा सुनील नरेन ने 30 रन, जेडेन सील्स ने 12 और अकील हुसैन ने 13 रन देकर 2-2 विकेट लिए।ट्रिनबागो नाइटराइडर्स की शुरुआत खराब हुई। लेंडल सिमंस के रूप में उसका पहला विकेट पारी की पहली ही गेंद पर गिर गया। इसके बाद कॉलिन मुनरो ने टियान वेबस्टर (9 रन) , डैरेन ब्रावो (19 रन), विकेटकीपर टिम सीफर्ट (12 रन) और अकील हुसैन (नाबाद 12 रन) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां कर टीम को जीत के द्वार तक पहुंचाया।


Comments
Post a Comment